Ranchi : जिला प्रशासन ने अवैध गैस सिलिंडर भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एदलहातु क्षेत्र में बड़ी छापेमारी की. 24 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में रात 8:55 बजे एक किराए के मकान में छापा मारा गया. मौके पर घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की अवैध गतिविधियों का संचालन पाया गया. जांच में यह भी सामने आया कि एक व्यक्ति द्वारा घरेलू सिलिंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलिंडरों में भरकर कालाबाजारी की जा रही थी.
Also Read : पलामू : कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों की उपस्थिति कम देख लगाई फटकार
छापेमारी में रिफिलिंग मशीन समेत कई गैस सिलिंडर और उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने मौके से 14.2 किलोग्राम के इंडेन के तीन भरे और दो खाली सिलिंडर बरामद किए. इसके साथ ही एक भरा हुआ एचपी गैस सिलिंडर भी जब्त किया गया. एक 5 किलोग्राम का छोटा खाली सिलिंडर और 19.2 किलोग्राम के दो खाली व्यावसायिक सिलिंडर भी बरामद हुए. इसके अलावा बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर, पाइप और डिजिटल माप-तौल मशीन भी जब्त की गई. मौके पर ही सभी बरामद सामग्री की विस्तृत जप्ती सूची तैयार की गई. जब्त किए गए सभी सिलिंडर और उपकरणों को संबंधित गैस एजेंसियों को जिम्मेदारीपूर्वक सौंप दिया गया.
Also Read : मुख्यमंत्री से मिले विभिन्न रामनवमी प्रतिनिधिमंडल, भव्य शोभायात्रा के लिए दिया आमंत्रण
कड़ी निगरानी और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश, प्राथमिकी दर्ज
यह कार्रवाई रांची जिले में एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत और कालाबाजारी की बढ़ती शिकायतों के बीच जिला प्रशासन की सतत निगरानी का हिस्सा है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अवैध भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा.
Also Read : ट्रक में मिला ड्राइवर का शव, हार्ट अटैक से मौत की आशंका
जनसहयोग की अपील, शिकायत के लिए ईमेल और व्हाट्सएप नंबर जारी
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलिंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें. इसके लिए lpgranchi2026@gmail.com ईमेल आईडी जारी की गई है. साथ ही अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी उपलब्ध कराया गया है. प्रशासन ने कहा है कि ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है. नागरिकों के सहयोग से इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा.
