रांची: रांची पुलिस ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर स्थित डीएवी स्वर्णरेखा स्कूल के समीप अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है.
कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नियंत्रण और कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने की.
घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार घेराबंदी कर अखिलेश यादव (19), को 548 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा गया. वहीं उसके सहयोगी विवेक कुमार यादव उर्फ गुड़ी (18) अंधेरे का लाभ उठाकर पहले फरार हो गया, जिसे बाद में विद्यानगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया.
मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही पुलिस
तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजा के साथ एक स्मार्टफोन भी बरामद किया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राउरकेला (ओडिशा) से गांजा लाकर विद्यानगर और आसपास के इलाकों में ऊंची कीमत पर बेचते थे. साथ ही खटाल की आड़ में अवैध कारोबार चला रहे थे. इस संबंध में सुखदेवनगर थाना में NDPS एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है.
