रांची: रमजान महीने के उपलक्ष्य में झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय में रविवार एक इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां खाकी और प्रशासन के आला अधिकारी एक साथ इफ्तार करते नजर आए. झारखंड पुलिस एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासनिक महकमे के कई अधिकारी शामिल हुए.
राज्य की अमन-चैन और खुशहाली के लिए मांगी गई दुआएं
इस अवसर पर मुख्य रूप से झारखंड पुलिस के कई आईपीएस अधिकारी और विभिन्न सरकारी विभागों के आईएएस अधिकारी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी मेहमानों का स्वागत किया. इफ्तार के समय सभी ने मिलकर देश और राज्य की अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी. उपस्थित अधिकारियों ने एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और सामाजिक समरसता को और मजबूत करते हैं.
