Ranchi: भुवनेश्वर में आयोजित 26वीं यूथ राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की युवा टीम ने शानदार और जुझारू प्रदर्शन किया. टीम ने अपना अभियान जीत के साथ खत्म किया और सभी का दिल जीत लिया. झारखंड की टीम एक बेहद कठिन “ग्रुप ऑफ डेथ” में खेल रही थी. टीम ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन सिर्फ एक अंक से क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से चूक गई. अंक तालिका में पंजाब पहले, दिल्ली दूसरे और झारखंड तीसरे स्थान पर रहा.
टूर्नामेंट में झारखंड की टीम ने किया दमदार प्रदर्शन
पूरे टूर्नामेंट में झारखंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए केरल, कर्नाटक, पुदुचेरी और चंडीगढ़ जैसी मजबूत टीमों को हराया. हालांकि पंजाब और दिल्ली के खिलाफ टीम को हार मिली. क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर होने के बाद भी टीम ने हिम्मत नहीं हारी. अपने आखिरी मैच में झारखंड ने शानदार वापसी करते हुए पुदुचेरी को 3–2 से हराकर जीत दर्ज की. यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा.
कोच और सपोर्ट स्टॉफ की भी अहम भूमिका
राष्ट्रीय वॉलीवॉल प्रतियोगिता भुवनेश्वर के बड़े इंडोर स्टेडियम और यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित हुई, जहां खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया. टीम की इस सफलता में कोच और मैनेजमेंट की भी बड़ी भूमिका रही. कोच और सपोर्ट स्टाफ ने खिलाड़ियों को बेहतरीन मार्गदर्शन दिया.
