रांची: शहर में अवैध रूप से संचालित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रांची नगर निगम ने बरियातू रोड स्थित संत तुलसी अपार्टमेंट में चल रही तीन दुकानों को सील कर दिया. नगर निगम के अनुसार इन दुकानों का संचालन स्वीकृत भवन प्लान के विपरीत अपार्टमेंट की गैलरी में किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है. अधिकारियों ने बताया कि दुकानों का ट्रेड लाइसेंस पहले ही रद्द कर दिया गया था और संचालकों को दुकानें खाली करने का निर्देश भी दिया गया था, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की जा रही थी.

केके मेगा मार्ट, ट्रेंडी शू और टाइल्स मार्ट पर कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने गुरुवार 12 मार्च 2026 को मौके पर पहुंचकर केके मेगा मार्ट (संचालक कमल किंगर), ट्रेंडी शू (संचालक स्नेहा कुमारी) और टाइल्स मार्ट (संचालक आयुष भूषण) को विधिसम्मत तरीके से सील कर दिया. निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 और झारखंड भवन उपविधि का सख्ती से पालन कराया जाएगा. साथ ही भवन मालिकों और व्यवसायियों से अपील की गई है कि वे स्वीकृत भवन प्लान और नगर निगम के नियमों का पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

