Ranchi : वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्त होने से पहले 100 करोड़ रुपये कर संग्रह का लक्ष्य हासिल करने के लिए राँची नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है. मंगलवार को निगम के उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में अधिकारियों और टैक्स संग्रह करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई. बैठक में उप प्रशासक ने कहा कि वित्तीय वर्ष खत्म होने में अब केवल 21 दिन बचे हैं. इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी ताकत से काम करें और 100 करोड़ रुपये का लक्ष्य हर हाल में पूरा करें. उन्होंने फील्ड में अभियान तेज करने और वार्ड स्तर पर बड़े पैमाने पर टैक्स वसूली करने के निर्देश दिए.

टैक्स चोरी पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश
उप प्रशासक ने रेवेन्यू इंस्पेक्टर और टैक्स कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे अंडर-असेस्ड प्रॉपर्टी का दोबारा आंकलन करें और जिन घरों में कमर्शियल गतिविधियां चल रही हैं, वहां मौके पर ही टैक्स डिमांड जारी करें. साथ ही टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा गया. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि टैक्स से जुड़े किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए. सभी वार्डों में बड़े पैमाने पर टैक्स कलेक्शन कैंप लगाए जाएं, ताकि लोगों को मौके पर ही भुगतान की सुविधा मिल सके.

होल्डिंग टैक्स समय पर जमा करें : उप प्रशासक
उप प्रशासक ने शहरवासियों से अपील की है कि वे वित्तीय वर्ष 2025-26 का होल्डिंग टैक्स समय पर जमा करें. जिन परिसरों में व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं, वे अपनी होल्डिंग को कमर्शियल दर्ज कराकर ट्रेड लाइसेंस भी प्राप्त करें, अन्यथा टैक्स नहीं देने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम ने बताया कि लोग अपना टैक्स ऑनलाइन पोर्टल, निगम के जन सुविधा केंद्र, डोरंडा अंचल कार्यालय या RMC पेमेंट मित्र (8986627070) के माध्यम से भी आसानी से जमा कर सकते हैं.

