Ranchi: सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ राँची नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है. मंगलवार को निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार ने निगम की टीम के साथ किशोरी यादव चौक (गौशाला मार्ग) के पास स्थित निगम की जमीन का औचक निरीक्षण किया और अतिक्रमण को लेकर कड़े निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान एमएस प्लॉट संख्या 241, लगभग 14 डिसमिल निगम भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया. इसे गंभीरता से लेते हुए अपर प्रशासक ने अतिक्रमणकारियों को 7 दिनों के भीतर खुद से अतिक्रमण हटाने का अंतिम मौका दिया. उन्होंने साफ कहा कि तय समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो निगम की टीम बुलडोजर के साथ कार्रवाई करेगी और सभी अवैध कब्जे हटाएगी.

आय शहर के विकास के लिए जरूरी : उप प्रशासक
अपर प्रशासक ने यह भी निर्देश दिया कि किशोरी यादव चौक पर स्थित निगम की दुकानों से लंबित किराया तुरंत वसूला जाए. उन्होंने कहा कि निगम की संपत्तियों से होने वाली आय शहर के विकास के लिए जरूरी है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अतिक्रमण हटने के बाद इस जमीन पर जनहित से जुड़े विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही इस इलाके में अक्सर लगने वाले ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए भी योजना बनाई जाएगी.
