रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर शहर में शांति, सद्भाव और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण अपील और दिशा-निर्देश जारी किए हैं. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जारी की गईगाइडलाइन में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

रांची पुलिस द्वारा जारी एडवायजरी को पांच मुख्य बिंदुओं में विभाजित किया गया है
– पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस पवित्र पर्व को प्रेम, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाएं. ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की सलाह दी गई है जिससे सामाजिक सौहार्द पर बुरा असर पड़ता हो
– डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अफवाहों को रोकने के लिए पुलिस की साइबर टीम अलर्ट पर है. किसी भी भ्रामक, झूठी या आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर या फॉरवर्ड न करें.
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ साइबर टीम द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
– जुलूस निकालने वाली समितियों और श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग और समय का सख्ती से पालन करना होगा. जुलूस के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना अनिवार्य है.
– शहर के विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. आम जनता को सलाह दी गई है कि अनावश्यक कार्यों के लिए दोपहिया या चारपहिया वाहनों का उपयोग करने से बचें. यात्री अपने गंतव्य के लिए समय से पहले निकलें ताकि भीड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके.
– सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने जनता से सहयोग मांगा है. यदि आपको कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.
