रांची: रांची में ईद सरहुल और रामनवमी पर शांति-व्यवस्था बनाये रखने के लिए रांची पुलिस अलर्ट है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में राजधानी के मेन रोड, हिंदपीढ़ी और डेली मार्केट इलाके में गुरुवार को ड्रोन कैमरे से घरों की छतों का निरीक्षण किया गया. इस दौरान घरों की छतों की जांच की गयी कि कहीं किसी छत पर ईट-पत्थर न रखा हो. एसएसपी ने पूरे इलाके का जायजा लेने और संवेदनशील जगहों पर जवानों की तैनाती करने का आदेश दिया.


एसएसपी ने कड़ी चेतावनी दी है कि अगर किसी इलाके में किसी तरह की कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो उक्त थाना प्रभारी पर कार्रवाई की जायेगी. एसएसपी ने कहा कि जुलूस के मार्ग पर भारी संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. रामनवमी पर सभी प्रमुख चौक-चौराहों में सीसीटीवी कैमरे से पैनी नजर रखी जायेगी. सोशल मीडिया पर भी जिला प्रशासन द्वारा 24×7 निगरानी रखी जायेगी, ताकि कोई असामाजिक तत्व भ्रामक और आपत्तिजनक संदेश न फैला सके.


