चतरा: झारखंड के चतरा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. एक के बाद एक हो रही हत्याओं ने जहां आम लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. बीते 20 दिनों के भीतर शहर और आसपास के इलाकों में हुई तीन अलग-अलग हत्याओं ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है.
गौरतलब है कि 7 मार्च को चतरा सदर थाना क्षेत्र के प्रखंड कार्यालय परिसर से अनीश सिंह का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ था. शव पर गंभीर जख्म के कई निशान मिले थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई थी. लेकिन घटना के करीब 20 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक इस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे परिजनों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है.
थाना घेराव और आत्मदाह की चेतावनी
घटना से आक्रोशित परिजनों ने पहले शहर के केशरी चौक को घंटों जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था. उस दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी, एसडीओ जहूर आलम और एसडीपीओ संदीप सुमन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा दिया था. लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने पर मृतक अनीश की पत्नी अपने दो दूधमुंहे बच्चों और परिजनों के साथ सदर थाना पहुंचीं और घेराव किया.
पीड़िता ने भावुक होकर आरोप लगाया कि गरीब होने के कारण उनके सिंदूर की कोई कीमत नहीं है और उन्हें अपनी सुरक्षा का भी डर है. वहीं मृतक के भाई ने चेतावनी दी कि यदि जल्द इंसाफ नहीं मिला, तो पूरा परिवार सामूहिक आत्मदाह करने को मजबूर होगा.
Also Read: चतरा: महुआ चुनने गई महिला की टांगी से काटकर निर्मम हत्या, नवोदय विद्यालय के पास जंगल में मिला शव
लगातार हत्याओं से दहशत का माहौल
अनीश हत्याकांड के कुछ ही दिनों बाद 14 मार्च को चतरा-सिमरिया मुख्यपथ पर नवोदय स्कूल के पास हजारीबाग के केरेडारी निवासी करमजीत उर्फ विकास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
वहीं 23 मार्च की रात आरुदाना जंगल से एक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां किसुनपुर निवासी वृद्ध महिला गीता देवी का खून से सना शव बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि वह महुआ चुनने गई थीं, जहां धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई. इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस का भरोसा, लेकिन सवाल बरकरार
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल और एसडीपीओ संदीप सुमन ने सदर थाना पहुंचकर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है. हालांकि वरीय पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं.
उनका कहना है कि जल्द ही सभी मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चतरा में अपराध पर लगाम लग पाएगी या फिर हत्याओं का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा.
