Saraikela: चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित 10 माइल स्टोन होटल परिसर में जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने चार जमीन कारोबारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों के नामों का पुलिस ने अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया है. सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड के तार आसनबनी स्थित करीब 3.5 एकड़ बंदोबस्ती जमीन से जुड़े होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि इस जमीन पर आदिवासी समुदाय का पौराणिक पूजा स्थल ‘जाताल बाबा’ स्थित है.

जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2025 को जमशेदपुर के कारोबारी तनेजा की कंपनी के प्रबंधक वी.एन. तिवारी द्वारा उक्त जमीन पर कथित तौर पर अतिक्रमण का प्रयास किया गया था. इसका स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया था. इसी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चलने की बात सामने आ रही है. पुलिस अब इस पुराने विवाद और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
गणेश सिंह गिरोह से संबंध की भी चर्चा
सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि मृतक निखार सबलोक का संबंध गणेश सिंह गिरोह से था. हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है. चांडिल SDPO शिव प्रकाश कुमार और थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. पुलिस पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करने में जुटी है. दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद चांडिल और जमशेदपुर के कारोबारियों के साथ जमीन कारोबार से जुड़े लोगों में भी चिंता का माहौल है.
ALSO READ: JPSC परीक्षा विवाद: 400 लोगों की नियुक्ति सेटिंग और फर्जीवाड़े के जरिए होने का खुलासा

