Saraikela: आज नौका विहार स्थल पर विस्थापित मुक्ति वाहिनी की बैठक हुई. बैठक में सुवर्णरेखा परियोजना द्वारा पुनर्वास हक को शिथिल करने की मनोवृति का विरोध किया गया. बता दें कि गत दिनों चांडिल बांध में पर्यटन का अधिकार गैर विस्थापित एजेंसी को सौंप दिया गया है. भारत सरकार पर्यटन क्षेत्र को सरकारी खर्चे पर विकसित कर उसे कॉर्पोरेट खासतौर पर गुजरात के कुछ चुनिंदे व्यापारियों के हवाले कर देने की योजना पर कार्यरत है. स्वदेश दर्शन: 2.0 नाम की एक एजेंसी पीपीपी मॉडल पर विस्तृत योजना बना रही है. आज की बैठक में पर्यटन को कॉरपोरेट परस्त बनाने के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया गया. जोयदा शहादत दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद एक जत्था पदयात्रा कर चांडिल बांध तक आएगी और अधिकारियों को अपनी लंबित मांगों और भविष्य के इरादों से अवगत कराएगी. इनकी मांगों में कृतज्ञता पैकेज, लिफ्ट इरिगेशन एवं डीप बोरिंग की स्थापना, पुनर्वास स्थलों का सीमांकन और स्टेटस रिपोर्ट, विस्थापित परिवार के बच्चों के लिए मॉडल आवासीय विद्यालय, चांडिल पॉलिटेक्निक में विस्थापित बच्चों के लिए 50% स्थान सुरक्षित रखना, पालना जलाशय योजना को पूरा करना आदि शामिल है.
ये भी पढ़ें : बड़ी खबर: झारखंड प्रशासनिक सेवा के स्पेशल सेक्रेट्री को मिलेगा 10 हजार ग्रेड-पे, वित्त विभाग की मंजूरी
धरना देंगे विस्थापित
विस्थापितों के पुनर्वास हक को कायम रखने और प्राप्त करने के उद्देश्य से बिरसा मुंडा शहादत दिवस के अवसर पर चांडिल स्थित सुवर्णरेखा परियोजना के कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा. विस्थापित मुक्ति वाहिनी के नेतृत्व में चले पुनर्वास आंदोलन का साल 2027 में 40 वर्ष पूरा हो जाएगा. आज की बैठक में यह तय किया गया कि पुनर्वास आंदोलन की उपलब्धियां को यादगार बनाने और समाज में संघर्ष और निर्माण की प्रेरणा जगाने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. बैठक में कहा गया कि जिन अधिकारों को हमने संघर्ष के बल पर हासिल किया है उसे संघर्ष के जरिए ही बचाया जा सकता है. कार्यक्रमों की योजना बनाने के लिए शीघ्र ही कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की जाएगी.
ये भी पढ़ें : सेल की बड़ी उपलब्धि: उत्पादन और बिक्री में रिकॉर्ड, निर्यात में 162% की छलांग
बैठक में कई लोग रहे मौजूद
बैठक में श्यामल मार्डी, नारायण गोप, देवेंद्र महतो पंचानन महतो किरण बीर, डोमन बास्के, अकलू धीबर,कालू अंसारी, अरविंद अंजुम, विकास कुमार, पूर्ण चंद्र महतो, दुर्गा चरण रजवाड़, भागीरथ लायक,अंबिका महतो आदि आज की बैठक में शामिल हुए.
