सरायकेला: काशी साहू महाविद्यालय डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टी रवाना, शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए डीसी ने दिए दिशा-निर्देश

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के मतदान कार्य हेतु प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को आज काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला स्थित डिस्पैच सेंटर से विधिवत्...

काशी साहू महाविद्यालय डिस्पैच सेंटर से रवाना होती पोलिंग पार्टी

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के मतदान कार्य हेतु प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को आज काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला स्थित डिस्पैच सेंटर से विधिवत् डिस्पैच किया गया. इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत द्वारा संयुक्त रूप से डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. अधिकारियों द्वारा मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, सीलबंदी, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं परिवहन प्रबंधन की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के लिए 16 दल रवाना 

सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र हेतु कुल (रिजर्व सहित) 16 मतदान दलों को रवाना किया गया. कपाली नगर परिषद क्षेत्र हेतु कुल (रिजर्व सहित) 39 मतदान दलों को और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र हेतु कुल (रिजर्व सहित) 170 मतदान दलों को संबंधित क्लस्टरों के लिए प्रेषित किया गया.

136 केंद्रों के लिए मतदान कर्मियों को उनके आवंटित क्लस्टर में भेजा गया 

सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत कुल 13 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद अंतर्गत कुल 31 मतदान केंद्र एवं आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत कुल 136 मतदान केंद्रों के लिए मतदान कर्मियों को उनके आवंटित क्लस्टर में भेजा गया. जिन मतदान केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, वहां अतिरिक्त मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है. इसके अतिरिक्त रिजर्व मतदान कर्मियों को संबंधित प्रखंडों में भेजा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिस्थापन किया जा सके.

वहीं, सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 03 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कुल 31 मतदान केंद्र और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत 05 मतदान केंद्रों को पर्दानशीन बूथ के रूप में चिह्नित करते हुए प्रत्येक बूथ पर एक-एक महिला कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है.

निष्पक्ष मतदान कराने का दिया गया आदेश 

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान कर्मियों से संवाद कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कर्मी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें और विधि-व्यवस्था संधारण में सतर्कता एवं उत्तरदायित्व का परिचय दें.

सुबह 7:00 बजे से शुरू होगा मतदान 

मतदान दिनांक 23 फरवरी 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपन्न होगा. मतदान उपरांत सभी मतपेटियों को विधिवत् सीलबंद कर सुरक्षित रूप से वज्रगृह में संरक्षित रखा जाएगा. मतगणना दिनांक 27 फरवरी 2026 को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला में संपन्न की जाएगी.

निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है. इस दौरान उपायुक्त ने कहा की प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *