सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड स्थित टेंगाडीह पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टेंगाडीह से एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. इस बार 2026 की 8वीं बोर्ड परीक्षा में करीब एक दर्जन, यानी 11 छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए. न्यूज की असर शुक्रवार सुबह प्रमुखता से दिखाया, जिसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया. दोपहर करीब 1 बजे नीमडीह के प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने स्कूल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि स्कूल में एक भी छात्र मौजूद नहीं था.

बच्चों का नाम पोर्टल में नहीं किया गया दर्ज
अधिकारियों ने जब प्रधान शिक्षक से पूछताछ की और दस्तावेजों की जांच की, तो पता चला कि बच्चों का नाम समय पर पोर्टल में दर्ज ही नहीं किया गया था. साथ ही, निर्धारित समय सीमा के अंदर ऑनलाइन फॉर्म भी जमा नहीं किया गया, जिसकी वजह से इन 11 छात्रों का एडमिट कार्ड जारी नहीं हो सका. वहीं, प्रधान शिक्षक का कहना है कि वंचित छात्रों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी, लेकिन अब तक जैक बोर्ड की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. अंचलाधिकारी ने कहा कि प्रधान शिक्षक का जवाब संतोषजनक नहीं है, इसलिए उनके विभाग की ओर से उन्हें शोकॉज नोटिस जारी किया जाएगा. साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की, कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों को लेकर सतर्क रहें.
वंचित छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का मौका
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है. लोग उम्मीद कर रहे हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों पर कार्रवाई के साथ-साथ वंचित छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का मौका जरूर मिलेगा. नीमडीह अंचलाधिकारी और BDO ने उ. म. वि टेंगाडीह का निरीक्षण किया. आज शाम 2:50 बजे पहुंचने पर बच्चे नहीं मिले, तीनों शिक्षक (प्रधानाध्यापक सरसिज कुमार) उपस्थित थे. मीडिया रिपोर्ट के बाद प्रखंड शिक्षा विभाग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया. प्रधानाध्यापक का कहना है कि सर्वर खराबी से फॉर्म JAC पोर्टल पर जमा नहीं हो सके, पर सूचना किसी को नहीं दी गई. अधिकारियों का कहना है कि स्कूल ने पोर्टल पर एंट्री तक नहीं की, जबकि अन्य विद्यालयों के लिए बाद में तिथि बढ़ाकर फॉर्म लिया गया. पूरी रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांगी गई है.
यह भी पढ़ें: निजी स्कूलों की फीस पर लगेगी लगाम, जिला कमिटी का गठन

