सरायकेला: षष्ठम झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री कक्ष में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विधायक सविता महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपा. इस प्रतिनिधिमंडल में झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे.

ज्ञापन में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लंबे समय से खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिल सके. इसके अलावा, पूरी तरह से तैयार चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को जल्द से जल्द चालू करने की मांग भी उठाई गई, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.
साथ ही चांडिल गोलचक्कर से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक की मुख्य सड़क की मरम्मत कार्य एक वर्ष से लंबित होने पर भी चिंता जताई गई. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह सड़क जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला प्रमुख मार्ग है और कार्य में देरी के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से अविलंब सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, चांडिल प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, विश्वनाथ गोप, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, शंकर लायेक, संजय महतो, स्नेहा महतो, अभय यादव, मिलन तंतुवाई, मधु गोप समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.

