–महिला कर्मी से दुर्व्यवहार के आरोप, विभागीय जांच में सहयोग नहीं करने पर कड़ी चेतावनी
Ranchi: झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने एक कड़ी प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संजय कुमार सिन्हा को अंतिम चेतावनी दी है.

वर्तमान में सिमडेगा में कार्यपालक दंडाधिकारी के पद पर पदस्थापित अधिकारी पर महिला कर्मी के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगे हैं.
विभागीय जानकारी के अनुसार, अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला कर्मी को जबरन घर बुलाने का दबाव बनाया, सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और अपने पद का गलत इस्तेमाल किया. इस मामले में 18 जून 2025 को विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी.
11 नोटिस के बावजूद जांच में नहीं हुए शामिल
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी अधिकारी को अब तक 11 बार नोटिस भेजकर विभागीय जांच में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया, लेकिन वे एक बार भी पेश नहीं हुए. इससे जांच प्रक्रिया बाधित हो रही है.
सरकार ने अब प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से निर्देश दिया है कि नोटिस के प्रकाशन के 7 दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी रांची स्थित जांच पदाधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें.
चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय में वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो यह मान लिया जाएगा कि उन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है और विभाग एकतरफा निर्णय लेते हुए आगे की कार्रवाई करेगा.
