झारखंड में रामनवमी पर हिंसा और हादसों का साया: हजारीबाग में हत्या, धनबाद में पथराव और कई जिलों में चले चाकू और तलवार

रांची: झारखंड में रामनवमी के पावन अवसर पर आस्था के उल्लास के बीच कई जिलों से हिंसा, आपसी झड़प और हादसों की...

रांची: झारखंड में रामनवमी के पावन अवसर पर आस्था के उल्लास के बीच कई जिलों से हिंसा, आपसी झड़प और हादसों की खबरें सामने आई हैं. हजारीबाग में हत्या और धनबाद में पथराव और कई जिले में तलवार और चाकूबाजी की घटना सामने आई है. इसके अलावा रांची और बोकारो में भी हादसों में मौत और कई लोगों के घायल घायल हुए हैं.

हजारीबाग में मुखिया के भाई की भुजाली से काटकर हत्या

हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत गदोखर गांव में रामनवमी जुलूस के दौरान विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गदोखर पंचायत के मुखिया के भाई राम कुमार साव (40 वर्ष) पर असामाजिक तत्वों ने भुजाली से घातक हमला कर दिया. लहूलुहान अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश है. पुलिस ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है.

धनबाद में पथराव के बाद पुलिस की हवाई फायरिंग

धनबाद के बलियापुर (भिखराजपुर) में जुलूस के दौरान अचानक हुए पथराव ने स्थिति बिगाड़ दी. उपद्रवियों द्वारा पत्थरबाजी शुरू होने से भगदड़ मच गई. बेकाबू भीड़ को तितर-बितर करने और शांति बहाल करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी. वर्तमान में इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है और वरिष्ठ अधिकारी खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.

Also Read: HC ने कहा- पेंशन खैरात नहीं कर्मचारी का अधिकार, एक गलती पर पेंशन रोकना सही नहीं

कोडरमा में शोभायात्रा में युवक हुआ तलवार से घायल

झुमरीतिलैया में शोभायात्रा के दौरान हिंसा की एक और घटना घटी.करतब दिखा रहे युवकों के बीच हुए विवाद में वीर कुमार नामक युवक पर तलवार से हमला किया गया. युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है.

बोकारो में हाई वोल्टेज तार की चपेट में आए युवक

पेटरवार थाना क्षेत्र की खेतको पंचायत में रामनवमी जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. जुलूस में शामिल कई युवक ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गए. करंट लगने से अनिल रविदास, मिथुन ठाकुर और सुरेंद्र सिंह समेत कई लोग झुलस गए. सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन घटना की जांच कर रहा है.

रांची के रातु रोड फ्लाईओवर पर सड़क हादसा और आगजनी

राजधानी रांची में देर रात रातु रोड फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार वाहन के खड़े ट्रक से टकराने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई. इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर खड़े ट्रक में आग लगा दी, जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

गुमला में आपसी विवाद में चाकूबाजी, आरोपी गिरफ्तार

गुमला के बड़ाइक मोहल्ला में जुलूस के दौरान दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. इस दौरान एक युवक ने दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *