Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के संबंध में बताया जा रहा है, कि यहां एसटीपी का कार्य कर रही कंपनी भरत जी पटेल द्वारा लगभग दस फीट गहरी खुदाई कर एचडीडी मशीन से पाइप पुलिंग का काम कराया जा रहा था. उक्त स्थान पर सोमवार से ही खुदाई चल रही थी और निकाली गई भारी मात्रा में मिट्टी को ऊपर एक ही साइड में डंप करके रखा गया था.
दोनों मजदूरों के कमर एवं पैर में आयी गंभीर चोटें
मंगलवार दोपहर पाइप पुलिंग के काम के दौरान अचानक ऊपर जमा की गई भारी मिट्टी नीचे धंस गई, जिसकी चपेट में आकर कार्य कर रहे चंद्रपुरा निवासी 31 वर्षीय शुभम कुमार और 19 वर्षीय अंकित साहू घायल हो गए. इस हादसे में दोनों मजदूरों के कमर एवं पैर में गंभीर चोटें आई हैं. घटना के फौरन बाद मौके पर मौजूद अन्य साथी कामगारों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को मलबे से निकाला और तत्काल इलाज के लिए DVC अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार और आवश्यक डॉक्टरी जांच के बाद दोनों को घर भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें: गुमला: नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, चार दुकानों को किया गया सील


