धनबाद: गोविंदपुर रोड पर एलिवेटेड ब्रिज निर्माण के चलते हर दिन लगने वाले घंटों के जाम से त्रस्त जनता को राहत दिलाने के लिए धनबाद पुलिस अब एक्शन मोड में है. शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने खुद गोविंदपुर की सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाला. उन्होंने न केवल जमीनी हकीकत का जायजा लिया, बल्कि मौके पर ही ट्रैफिक व्यवस्था में आमूल-चूल बदलाव के कड़े निर्देश जारी किए. एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि अव्यवस्थित ट्रैफिक और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण ने समस्या को और गंभीर बना दिया है.

प्रमुख कट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश:
एसएसपी ने धनबाद से गोविंदपुर जाने वाले मार्ग पर हाईवे के एक प्रमुख कट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया. अब सभी वाहन रंगडीह मोड़ होकर गुजरेंगे. सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेले-खोमचे और दुकानदारों के खिलाफ अब रोजाना अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सड़कों को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा. सड़कों पर लावारिस या गलत तरीके से खड़े वाहनों को तुरंत जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान ही कई वाहनों को जब्त कर थाने भेजा गया.
