रांची: एसएसपी राकेश रंजन ने खलारी अंचल के विभिन्न पुलिस कार्यालयों और थानों का वार्षिक निरीक्षण किया. सोमवार को किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कोयला कारोबारी समेत अलग अलग कारोबार से जुड़े लोगों को धमकाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.

थानावार समीक्षा और केसों का निष्पादन:
सीनियर एसपी ने खलारी डीएसपी कार्यालय सहित खलारी, ठाकुरगांव और बुढ़मू थाना का दौरा किया.
इस दौरान एसएसपी ने थानों में दर्ज विभिन्न मामलों की फाइलों को खंगाला और अनुसंधान अधिकारियों से केस की वर्तमान स्थिति पर आमने-सामने चर्चा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी केस काफी समय से लंबित हैं, उनका निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. खलारी थाना में थाना पंजी और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई. एसएसपी ने पारदर्शिता और तत्परता से काम करने की नसीहत दी. उन्होंने क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों और नक्सली संगठनों से जुड़े सदस्यों के आपराधिक इतिहास की गहन छानबीन करने पर विशेष जोर दिया.
कोयला कारोबारियों को सुरक्षा का भरोसा:
खलारी कोयलांचल क्षेत्र में पिछले कुछ समय से व्यापारियों को मिल रही धमकियों पर एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, किसी भी कोयला कारोबारी या उद्यमी को डरने की जरूरत नहीं है. पुलिस प्रशासन आपकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है. नक्सली संगठनों और रंगदारी मांगने वाले आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस जल्द ही कड़ी कार्रवाई करेगी. उन्होंने कारोबारियों से निर्भीक होकर अपना काम जारी रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि धमकी देने वाले तत्व बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

