पलामू: रामनवमी महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से साइबर थाना द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रखी जा रही है.

भड़काऊ सामग्री साझा करने वाले पांच चिन्हित
साइबर सेल द्वारा व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) की निगरानी के दौरान पांच व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है, जिन्होंने भड़काऊ और सामाजिक समरसता बिगाड़ने वाली सामग्री साझा की थी. इन सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है.
Also Read: पलामू: चैनपुर में युवक पर तलवार से जानलेवा हमला, पूर्व जिप सदस्य गिरफ्तार
आपत्तिजनक पोस्ट हटाने के लिए पत्राचार
पुलिस ने न सिर्फ कार्रवाई की, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हटवाने हेतु झारखंड पुलिस मुख्यालय और संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को भी पत्र लिखा है. आरोपियों को सख्त चेतावनी दी गई है.
पुलिस की अपील- अफवाहों से रहें दूर
पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक संदेश या अफवाहों पर ध्यान न दें और उन्हें आगे न बढ़ाएं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. साथ ही लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.
