रांची: राजधानी में होल्डिंग टैक्स को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. रांची नगर निगम की राजस्व शाखा द्वारा गठित विशेष टीम ने शहर के कई वार्डों में सख्त जांच अभियान चलाया. जांच में सामने आया कि कई आवेदकों ने अपने मकान और व्यवसायिक भवनों का एरिया कम दिखाकर टैक्स जमा किया था.

1.51 लाख बताया, मापी में निकला 3.22 लाख वर्गफीट
निगम की टीम द्वारा अब तक की गई भौतिक मापी में पाया गया, कि आवेदकों ने कुल 1,51,293.72 वर्गफीट एरिया घोषित किया था, जबकि वास्तविक मापी में 3,22,611 वर्गफीट एरिया मिला. यानी लगभग 1.71 लाख वर्गफीट अतिरिक्त एरिया छिपाया गया था. यह अंतर टैक्स चोरी की गंभीर आशंका को दर्शाता है.
इन वार्डों में मिली भारी गड़बड़ी
वार्ड 17
- कई मामलों में हजारों वर्गफीट का अंतर मिला.
- कहीं 6,000 से ज्यादा वर्गफीट अतिरिक्त निकला.
- कहीं 1,300 से 1,400 वर्गफीट तक का अंतर पाया गया.
- सड़क की चौड़ाई 20 फीट से कम बताई गई थी, लेकिन मापी में 40 फीट से ज्यादा पाई गई.
वार्ड 06
- 7,800 वर्गफीट और 4,900 वर्गफीट तक का अंतर.
- एक संयुक्त मामले में 30,990 वर्गफीट का बड़ा अंतर.
वार्ड 04
- 13,192 वर्गफीट का चौंकाने वाला अंतर
वार्ड 53
- 600 वर्गफीट का अतिरिक्त एरिया और सड़क की गलत चौड़ाई दर्ज.
एजेंसी को सख्त निर्देश
होल्डिंग टैक्स वसूली का कार्य कर रही एजेंसी M/S SPS को सभी गड़बड़ियों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुधारने और संशोधित कर निर्धारण करने का निर्देश दिया गया है.
100% जुर्माने की चेतावनी
निगम ने स्पष्ट कहा है कि यदि किसी ने एरिया, उपयोग की प्रकृति, सड़क की चौड़ाई या रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जानकारी गलत दी है तो तुरंत पुनर्मूल्यांकन कराएं अन्यथा झारखंड नगर पालिका अधिनियम 2011 एवं संशोधित नियमावली 2013 (निर्धारण, संग्रहण और वसूली) की धारा 13.4 के तहत 100 प्रतिशत तक शास्ति (जुर्माना) लगाकर टैक्स वसूला जाएगा.
निगम की अपील
रांची नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने धृति (होल्डिंग) में हुए बदलाव—
- एरिया
- उपयोग की प्रकृति (आवासीय/व्यवसायिक)
- सड़क की चौड़ाई
- रेन वाटर हार्वेस्टिंग
- का सही-सही पुनर्मूल्यांकन कराएं.
टैक्स भुगतान के लिए नागरिक
- नगर निगम के आधिकारिक पोर्टल
- जन सुविधा केंद्र, डोरंडा अंचल कार्यालय
- RMC Payment Mitra (8986627070)
का उपयोग कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड की आर्थिक उड़ानः 2026-27 में प्रति व्यक्ति आय 1,35,195 रुपए होने की संभावना

