पाकुड़: राजद के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकुड़ के सैकड़ों कार्यकर्ता रांची रवाना हो गए. यह कार्यकर्ता पाकुड़ राजद जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया के नेतृत्व में जिले के सभी प्रखंडों से आए हैं.
तेजस्वी यादव का पहला रांची आगमन
ये सभी कार्यकर्ता रांची में राजद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. आपको बता दें कि राजद के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह तेजस्वी यादव का पहला रांची आगमन होगा. पार्टी की ओर से 5 अप्रैल को हरमू स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में उनका अभिनंदन किया जाएगा. समारोह के बाद तेजस्वी यादव पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे.
जिले के मुद्दों को रखा जाएगा राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष
जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर भव्य तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह तेजस्वी यादव का पहला रांची आगमन है, और इसी कार्यक्रम में जिले के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल होंगे. इस दौरान महावीर मड़ैया ने कहा कि जिले में जनता से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखा जाएगा. साथ ही, उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते पानी की समस्या को लेकर भी संबंधित विभाग के मंत्री से बात की जाएगी.
