Giridih: गिरिडीह जिला के बेंगाबाद प्रखंड के बहादुरपुर मोड़ से फिटकोरिया मोड़ तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है. सड़क पर जगह-जगह बने अनगिनत ब्रेकर और जर्जर हो चुकी सतह के कारण प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर कई स्थानों पर मानक के विपरीत बनाए गए ब्रेकर वाहन चालकों के लिए अचानक बाधा बन जाते हैं. विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाए रखने में परेशानी होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है. वहीं बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और मरीजों को लेकर जाने वाले वाहनों को भी इस मार्ग पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: DVC, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बनी सहमति, भूमि विवाद सुलझाने की दिशा में बड़ा फैसला

आवागमन जोखिम भरा, ठोस पहल करने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है. बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो जाता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कराया जाए. जर्जर हिस्सों की शीघ्र मरम्मत के साथ-साथ सड़क पर बने अनावश्यक एवं मानकविहीन ब्रेकरों की तकनीकी जांच कर उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके. क्षेत्रवासियों का सवाल है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देगा? लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और ब्रेकरों का सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग पर होगी.


