हिंदपीढ़ी में नगर निगम बना रहा बड़ा नाला, बारिश से पहले जलजमाव खत्म करने की तैयारी

Ranchi: रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में लंबे समय से बारिश के दौरान होने वाली जलजमाव की समस्या को खत्म करने के लिए...

Ranchi: रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में लंबे समय से बारिश के दौरान होने वाली जलजमाव की समस्या को खत्म करने के लिए बड़ा नाला निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है. रांची नगर निगम की ओर से वार्ड संख्या 23 के नाला रोड, मौलाना आजाद कॉलोनी और हिंदपीढ़ी क्षेत्र में यह परियोजना चलाई जा रही है. शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अचानक पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर अधिकारियों व संवेदक को कई जरूरी निर्देश दिए.

2850 फीट लंबे नाले का हो रहा निर्माण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि हिंदपीढ़ी मार्ग से लोअर पीपी कंपाउंड तक करीब 2850 फीट लंबे बड़े नाले का निर्माण किया जा रहा है. वहीं गुरुनानक स्कूल और लोअर पीपी कंपाउंड के सामने जलभराव वाले हिस्से में करीब 600 फीट अतिरिक्त नाली भी बनाई जा रही है. इस पूरी परियोजना का उद्देश्य बारिश के समय पानी निकासी की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करना है.

नगर निगम के अनुसार, करीब 5 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना का लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. निर्माण कार्य मेसर्स सिद्धि विनायक एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है.

मानसून से पहले काम पूरा करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि हिंदपीढ़ी क्षेत्र की सड़कें काफी संकरी हैं, जिस कारण नाला कास्टिंग का काम हाथों से कराया जा रहा है और काम की रफ्तार धीमी है. इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संवेदक को निर्देश दिया कि अगले सात दिनों के भीतर मिलर मशीन लगाकर काम में तेजी लाई जाए और मानसून शुरू होने से पहले हर हाल में परियोजना पूरी की जाए.

नगर आयुक्त ने कहा कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद हिंदपीढ़ी, मौलाना आजाद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लोगों को जलजमाव से बड़ी राहत मिलेगी. इससे सड़क पर आवागमन आसान होगा और क्षेत्र की शहरी सुविधाओं में भी सुधार आएगा.

ALSO READ: रांची के सूखते तालाबों को फिर मिलेगी नई जिंदगी, नगर निगम ने शुरू किया अभियान

अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने गुरुनानक स्कूल से लेकर रतन टॉकीज चौक तक सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और ट्रैफिक व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने इनफोर्समेंट टीम को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने और सफाई शाखा को नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *