Ranchi: रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में होल्डिंग टैक्स संग्रहण में बड़ी सफलता हासिल की है. निगम ने सिर्फ तीन महीने में 48 करोड़ 2 लाख 39 हजार 390 रुपये का होल्डिंग टैक्स वसूला है. यह राशि 88,675 करदाताओं से प्राप्त हुई है. नगर निगम ने 30 जून तक एकमुश्त होल्डिंग टैक्स जमा करने वाले लोगों को नियमों के अनुसार अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी दी. इस छूट का लाभ बड़ी संख्या में करदाताओं ने उठाया और समय पर टैक्स जमा किया.
यह भी पढ़ें: रांची: मांडर में रात के अंधेरे में धमाका, प्रेम-प्रसंग में डराने के लिए फोड़ा था सुतली बम, दो गिरफ्तार

ऑनलाइन भुगतान को लोगों ने दी प्राथमिकता
होल्डिंग टैक्स जमा करने में सबसे अधिक लोगों ने डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल किया. 27,267 करदाताओं ने ऑनलाइन भुगतान करते हुए 17.35 करोड़ रुपये से अधिक टैक्स जमा किया. वहीं, जन सुविधा केंद्र (मुख्यालय और डोरंडा अंचल) के जरिए 11,525 करदाताओं ने 5.44 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया. बाकी राशि अन्य माध्यमों से जमा हुई. नगर निगम ने समय पर टैक्स जमा करने वाले सभी नागरिकों का आभार जताया है. निगम का कहना है कि इस राजस्व का उपयोग शहर की सड़क, नाली, सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: रांची: रिम्स के सेंट्रल किचन में निदेशक का औचक निरीक्षण, गंदगी पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए सख्त निर्देश


