बिहार: बिहार में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है. सूरज की तेज़ किरणें और तपती हवाएं मिलकर हालात को बेहद कठिन बना रही हैं. तापमान लगातार बढ़ते हुए अब 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. पिछले कुछ दिनों से चल रही शुष्क पछुआ हवाओं ने पूरे राज्य को झुलसा दिया है. खासकर पटना और दक्षिण बिहार के जिलों में दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है और लोग घरों में रहने को मजबूर हो जाते हैं.
भभुआ बना सबसे गर्म इलाका
राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी भभुआ में दर्ज की गई, जहां तापमान 39.9 डिग्री तक पहुंच गया — जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक है. वहीं, जीरादेई में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है.
अगले 4 दिन और बढ़ेगी तपिश
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 3-4 दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है. 16 अप्रैल तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है. दोपहर के समय हालात लू जैसे बनते जा रहे हैं.
Read Also: रील का जानलेवा क्रेज: अब कोयला चोरी करते हुए स्वैग दिखा रहे युवा
17 अप्रैल को हल्की राहत की उम्मीद
17 अप्रैल को सीमांचल के कुछ जिलों अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि यह राहत बहुत सीमित होगी और पूरे राज्य पर इसका असर नहीं पड़ेगा.
18 अप्रैल से लू का खतरा बढ़ेगा
18 अप्रैल से दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में लू का असर और तेज होने की संभावना है. पटना, गया, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद समेत कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की आशंका है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ सकता है.
