Ranchi: झारखंड के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों के लिए आज (शुक्रवार) का दिन काफी हलचल भरा रहने वाला है. राज्य के दो वरिष्ठ पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों से जुड़े मामलों में आज बड़े अपडेट्स सामने आ रहे हैं. एक तरफ जहां हजारीबाग लैंड स्कैम मामले में पिछले एक साल से अधिक समय से जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी, वहीं दूसरी तरफ जेपीएससी परीक्षा में अनियमितता की जांच कर रही सीआईडी पूर्व मुख्य सचिव सह जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से फिर से पूछताछ करेगी.
हजारीबाग लैंड स्कैम: निलंबित IAS विनय चौबे की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे राज्य के निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे की जमानत अर्जी पर आज सुप्रीम कोर्ट के कोर्ट नंबर 12 में महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है. इससे पूर्व 28 अप्रैल को झारखंड हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विनय चौबे की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. यह पूरा मामला हजारीबाग जिले में हुए बहुचर्चित भूमि घोटाले से जुड़ा हुआ है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस संबंध में कांड संख्या 11/2025 दर्ज कर जांच शुरू की थी. इस मामले में एसीबी ने व्यापक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए कुल 73 लोगों को आरोपी बनाया है. नामजद मुख्य आरोपियों में निलंबित आईएएस विनय चौबे उनके करीबी विनय सिंह एवं उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह समेत लोग शामिल है.

JPSC 14वीं सिविल सेवा परीक्षा गड़बड़ी: पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते से CID की तीसरे दौर की पूछताछ
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में हुई कथित धांधली और अनियमितता की जांच अब और तेज हो गई है. जांच एजेंसी अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) आज शुक्रवार (31 जुलाई) को पूर्व मुख्य सचिव सह जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से पूछताछ करने जा रही है. सीआईडी इससे पहले भी एल. खियांग्ते से दो दिनों तक लंबी पूछताछ कर चुकी है. इस दौरान परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया और प्रशासनिक स्तर पर लिए गए निर्णयों से जुड़े कई तीखे सवाल पूछे गए. पिछली पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने उनके समक्ष कई महत्वपूर्ण आधिकारिक फाइलें व दस्तावेज रखे. साथ ही, मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों और अन्य गवाहों के बयानों से एल. खियांग्ते के जवाबों का मिलान कराया गया. देर शाम तक चली पिछली पूछताछ के बाद सीआईडी ने उन्हें 31 जुलाई को पुनः पेश होने का निर्देश दिया था, जिसके तहत आज उनसे आगे के बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी.
