Ranchi Desk: श्री जगन्नाथ मंदिर से आज एक ऐतिहासिक प्रक्रिया की शुरुआत होने जा रही है. मंदिर के रत्न भंडार (खजाना कक्ष) की गणना और सूचीकरण का कार्य बुधवार, 25 मार्च से शुरू किया जा रहा है. इसके लिए मंदिर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
शुभ मुहूर्त में शुरू होगी रत्न भंडार की प्रक्रिया
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह प्रक्रिया चैत शुक्ल पक्ष की सप्तमी के शुभ मुहूर्त में दोपहर 12:12 बजे से 1:45 बजे के बीच प्रारंभ होगी. इस समय का चयन मंदिर के ज्योतिषाचार्यों और सेवायतों की सलाह पर किया गया है, ताकि धार्मिक परंपराओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा सके.
सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच होगी खजाने की गिनती प्रक्रिया
रत्न भंडार को मंदिर का सबसे महत्वपूर्ण और सुरक्षित हिस्सा माना जाता है, जहां भगवान जगन्नाथ से जुड़े कीमती आभूषण, सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं संरक्षित हैं. लंबे समय के बाद इस खजाने की आधिकारिक गिनती और सूची तैयार की जा रही है, जिसे पारदर्शिता और सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.मंदिर प्रशासन के अनुसार, पूरी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न होगी. इसको लेकर श्रद्धालुओं के बीच भी खासा उत्साह और जिज्ञासा बनी हुई है.
