लोहरदगा: रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर बंद पड़ी रेल सेवा को बहाल करने की दिशा में रेलवे ने बड़ी पहल की है. लोहरदगा जिले के भक्सो कोई नदी पर स्थित रेलवे ब्रिज संख्या 115 पर टावर कार और मल्टी इंजन के साथ सफल ट्रायल किया गया. पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण इसी वर्ष 4 जनवरी से इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.

रांची-लोहरदगा और टोरी रूट पर फिर दौड़ी ट्रेनें
ट्रायल सफल होने के बाद रेलवे ने रांची से लोहरदगा के बीच रेल सेवा फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है. इसके लिए सीनियर डीआरएम करुणा निधि सिंह द्वारा आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है. साथ ही टोरी से रांची के बीच भी रेल सेवा बहाल कर दी गई है, जिससे पूरे रेलखंड पर आवागमन सामान्य हो गया है.
यात्रियों में खुशी, मिली बड़ी राहत
रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में खुशी का माहौल है. खासकर दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी. लंबे समय से इस रेल सेवा के दोबारा शुरू होने का इंतजार किया जा रहा था. कुल मिलाकर, रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र में एक बार फिर से यातायात व्यवस्था पटरी पर लौट आई है और लोगों को बड़ी सहूलियत मिलने लगी है.
