बजट सत्र: दिवंगत हस्तियों को दी गई श्रद्धांजलि

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सदन का माहौल गंभीर रहा. विगत सत्र से अब तक जिन समाजसेवियों, राजनेताओं,...

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सदन का माहौल गंभीर रहा. विगत सत्र से अब तक जिन समाजसेवियों, राजनेताओं, खिलाड़ियों, कलाकारों और आम नागरिकों का निधन हुआ, उन्हें सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि दी गई. सदन में उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर संवेदना प्रकट की गई.

इन्हें दी गई श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सूची में प्रमुख रूप से शिवराज पाटिल, अजित पवार, सुरेश कलमाड़ी, रामचन्द्र नायक, गौर हरिजन, हारून टोपनो, विनोद कुमार शुक्ल, माधव गाडगिल, रांची विश्वविद्यालय के पूर्व प्रतिकुलपति प्रो. बी पी शरण, स्वतंत्रता सेनानी अमर वीर शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर के वंशज रामनंदन सिंह खरवार, विख्यात पत्रकार मार्क टली, त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष विश्वबंधु सेन, शिल्पकार राम सूतार, लोक गायक धनंजय तथा आंदोलनकारी दरगड़ाय सिरका शामिल रहे.

इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न हिस्सों में हुई दुखद घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को भी सदन ने श्रद्धांजलि अर्पित की. गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत, जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में सैन्य वाहन के खाई में गिरने से भारतीय सेना के 10 जवानों के शहीद होने, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत, उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बस के खाई में गिरने से 7 लोगों की मौत, अरुणाचल प्रदेश में ट्रक दुर्घटना में 18 मजदूरों की मृत्यु तथा लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में बस हादसे में 9 यात्रियों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया गया.

सदन में मौजूद सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. बजट सत्र की कार्यवाही श्रद्धांजलि के साथ शुरू हुई, जिससे पूरे सदन का माहौल भावुक और गंभीर बना रहा.

यह भी पढ़ें: बजट सत्र: राधाकृष्ण किशोर ने पेश किया एटीआर, कहा- स्मार्ट मीटरों की रैंडर आधार पर हो रही जांच

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *