रांची: रांची में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों को निशाना बनाते थे. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, कि एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकालने वाला गिरोह शहर में सक्रिय है. सूचना के आधार पर पुलिस ने विभिन्न जगहों पर चेकिंग शुरू की. इसी दौरान बीआईटी मेसरा क्षेत्र में एक ब्लू रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वे भागने लगे. पीछा कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया.

मिले तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के रहने वाले विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू (26) और धनंजय कुमार सिंह (36) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान इनके पास से तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई.
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे एटीएम पर लोगों का कार्ड बदलकर उनके खाते से पैसे निकालते थे. पुलिस के अनुसार इन दोनों के खिलाफ रांची, धनबाद, जमशेदपुर, गिरिडीह समेत कई जगहों पर पहले से ठगी के मामले दर्ज हैं और कई घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: BCCL ने NRS Linkage और CIL SWMAE-Auction उपभोक्ताओं के साथ की संवादात्मक बैठक

