Giridih: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को गिरिडीह पहुंचीं. अपने दौरे के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. मंदिरों में दर्शन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर के विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी. झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर अन्नपूर्णा देवी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि रांची में छात्र बारिश और धूप की परवाह किए बिना अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. कई छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं, ऐसे में सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल करनी चाहिए. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि युवाओं और छात्रों का भविष्य किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.

‘लंबे समय तक आंदोलन चलना सरकार और छात्र दोनों के हित में नहीं’
अन्नपूर्णा देवी ने राज्य सरकार से छात्रों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की. उनका कहना था कि लंबे समय तक आंदोलन चलना सरकार और छात्रों दोनों के हित में नहीं है. अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा. कहा कि यदि राज्य सरकार छात्रों की समस्याओं और मौजूदा परिस्थितियों को संभालने में सक्षम नहीं है तो उसे अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि अगर सरकार से व्यवस्था नहीं संभल रही है तो मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए.

यह भी पढ़ें: लालू यादव की बात आते ही भर्रा गई आवाज, ‘भोजपुरी बवाल’ में भावुक हुए तेज प्रताप

अन्नपूर्णा देवी ने राहुल गांधी पर भी बोला तीखा हमला
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “दिशाहीन और गैर-जिम्मेदार” बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार संसद की कार्यवाही को बाधित करने का काम कर रहे हैं. अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विपक्ष को लोकतंत्र में अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को समझना चाहिए तथा सदन में अपनी बात प्रभावी तरीके से रखनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कभी माइक बंद किए जाने का मुद्दा उठाया जाता है तो कभी किसी अन्य विषय को लेकर सदन में हंगामा किया जाता है. केंद्रीय मंत्री के अनुसार, लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन सदन की कार्यवाही को बार-बार बाधित करना उचित नहीं है. उन्होंने विपक्ष से सदन की मर्यादा बनाए रखते हुए रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की. गिरिडीह दौरे के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की. इस दौरान जिले से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई.

