pakud : पाकुड़ सदर प्रखंड के केतकापाड़ा प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित सहायक शिक्षक गुलाब शेख जाली नोटों के साथ पकड़ाए गए हैं. जानकारी के अनुसार शिक्षक गुलाब शेख ने एक जुलाई को विभाग से पत्नी की इलाज के लिए छुट्टी ली थी. इसके बाद वे दोबारा स्कूल नहीं पहुंचे. विभागीय स्तर पर शुरुआत में यह माना गया कि पत्नी के इलाज के कारण शिक्षक परेशान होंगे और इसी वजह से स्कूल नहीं आ पा रहे हैं.

कामाख्या रेलवे स्टेशन पर 7.37 लाख के नकली नोट बरामद
इसी बीच गुवाहाटी के कामाख्या रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने 7.37 लाख रुपये के नकली नोट के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपियों में गुलाब शेख और दयाल दास के नाम सामने आए. गुलाब शेख को केतकापाड़ा प्राथमिक विद्यालय का सहायक शिक्षक बताया गया है. गुवाहाटी के कामाख्या रेलवे स्टेशन पर दो जुलाई की रात रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर एक से दो लोगों को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो लोग नकली नोट लेकर स्टेशन पर मौजूद हैं. सूचना के आधार पर रात करीब 9:30 बजे टीम ने जांच अभियान चलाया. संदिग्ध अवस्था में मौजूद दोनों लोगों को पकड़कर तलाशी ली गई. उनके पास से कुल 7.37 लाख रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद हुए.

Also Read : JPSC-JSSC आंदोलन: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में AISA ने लगाया अलग टेंट


