गुमला: एक ओर सरकार और प्रशासन की ओर से यह आश्वासन दिया जा रहा है कि गैस सिलेंडर को लेकर कहीं भी कोई दिक्कत नहीं है और लोगों को किसी प्रकार से घबराने की आवश्यकता नहीं है. सभी को गैस सिलेंडर आसानी से उनके घरों तक उपलब्ध कराया जाएगा. लेकिन लोगों के मन में बनी आशंकाओं के कारण कई जगहों पर लोग गैस सिलेंडर को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं.
सड़क जाम, लोगों का आक्रोश
गुमला जिला समाहरणालय के समीप लोगों ने गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर सड़क जाम कर दिया. लोगों का कहना है कि वे कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
त्योहारों से बढ़ी चिंता
लोगों का कहना है कि सामने ईद और सरहुल जैसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं, ऐसे में गैस सिलेंडर नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है. लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर सही तरीके से वितरण नहीं हो रहा है.
Also Read: HC ने इंस्टिट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज में अगले सत्र के लिए एडमिशन पर लगाई रोक
लंबी कतारों में इंतजार
गैस सिलेंडर पाने के लिए लोग सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर कतार में खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं. गर्मी के इस मौसम में घंटों लाइन में खड़े रहना उनके लिए मुश्किल बनता जा रहा है. बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासनिक पदाधिकारी लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं.
प्रशासन का पक्ष
जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत ने बताया कि गुमला में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब अधिक मात्रा में गैस की आपूर्ति की जा रही है. लेकिन लोगों के मन में कमी की आशंका बैठ गई है, जिसके कारण वे धैर्य नहीं रख पा रहे हैं और अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं.
DC के निर्देश और निगरानी
जिला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने भी कई बैठकों के माध्यम से गैस एजेंसियों को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही जिला आपूर्ति विभाग को लगातार निगरानी करने को कहा गया है, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो और लोगों को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके.
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से कतार में लगकर परेशान न हों. गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है और पहले की तरह ही घर-घर उपलब्ध कराई जाएगी.
