धीमी गति से चल रहे एसटीपी कार्य के कारण उर्दू मजलिस मार्ग एक सप्ताह से ठप, गुणवत्ता पर भी उठे सवाल

Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल उर्दू मजलिस के समीप सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) कार्य के तहत पाइप बिछाने के लिए की...

STP work
एसटीपी कार्य केे कारण बंद पड़ा सड़क मार्ग

Bermo:  बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल उर्दू मजलिस के समीप सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) कार्य के तहत पाइप बिछाने के लिए की गई जेसीबी से खुदाई के कारण पिछले एक सप्ताह से मुख्य सड़क पूरी तरह बंद है. सड़क बंद होने की वजह से स्थानीय आम नागरिकों के साथ-साथ डीवीसी कामगारों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है. इस मार्ग के बाधित होने से लोगों को लंबी दूरी तय करते हुए राजा बाजार होकर घूमकर एफएमडी कॉलोनी और उर्दू मजलिस के पास जाना पड़ रहा है. हालांकि, निर्माण स्थल पर कार्य को लेकर दो-दो जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्य की रफ्तार अत्यंत धीमी है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.

कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहते कोई भी सिविल इंजीनियर

स्थानीय निवासियों का यह भी आरोप है कि कार्य के दौरान संबंधित संवेदक कंपनी या डीवीसी का कोई भी सिविल इंजीनियर कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहता है, जिसकी वजह से कार्य की तकनीकी गुणवत्ता पर भी गंभीर असर पड़ रहा है. कॉलोनी और आस-पास के लोगों ने बताया कि उर्दू मजलिस से आगे सड़क के किनारे पहले से एक सुव्यवस्थित चैंबर बना हुआ था, जिसमें नए सिरे से छह इंच का पाइप डाला जाना था. लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए कार्य के दौरान चैंबर में सही तरीके से नया पाइप लगाने की बजाय, वहां मौजूद चार इंच के पुराने और जर्जर पाइप को ही तोड़कर उसमें छह इंच के नए पाइप को जोड़ दिया गया है. इस तकनीकी लापरवाही का खामियाजा अब पूरी कॉलोनी भुगत रही है, क्योंकि उक्त पाइप लाइन का आगे कोई सही कनेक्शन नहीं होने के कारण सभी घरों और डीवीसी आवासों का सिवरेज पूरी रात जमा होकर सड़क पर ही एक बड़े तालाब का रूप धारण कर लेता है.

कीचड़ और मलबा फैल जाने के कारण पैदल चलना भी दूभर

लोगों का कहना है कि सिवरेज के गंदे पानी के कारण कंपनी के मजदूर भी उसमें कार्य करना नहीं चाह रहे हैं. चारों तरफ कीचड़ और मलबे की मिट्टी फैल जाने के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है. इस गंभीर समस्या की मौखिक सूचना जब स्थानीय भुक्तभोगी लोगों ने डीवीसी के वरीय प्रबंधक सह कंस्ट्रक्शन हेड देव प्रसाद खां को दी, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया. सूचना पाकर वरीय प्रबंधक देव प्रसाद खां ने अविलंब कार्यस्थल पर पहुंचकर स्थिति का भौतिक निरीक्षण किया. उन्होंने कार्य की धीमी गति और वहां उत्पन्न हुई अव्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी जताई तथा संबंधित कर्मियों व संवेदक को पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य को जल्द से जल्द समाप्त कर सड़क को अविलंब आम जनता के लिए सुचारू रूप से चालू करने का कड़ा निर्देश दिया है.

यह भी पढ़ें: रांची: जनता दरबार में दिव्यांग को मिला इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, मौके पर कई मामलों का तुरंत निपटारा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *