चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित झींकपानी की एसीसी कॉलोनी में बीती रात एक जंगली हाथी के घुस आने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अचानक कॉलोनी में हाथी के पहुंचने से लोगों में डर का माहौल बन गया और कई लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए.

जानकारी के अनुसार, देर रात एक जंगली हाथी जंगल से निकलकर एसीसी कॉलोनी में घुस आया. हाथी को देखते ही कॉलोनी के गार्ड्स और स्थानीय लोग सतर्क हो गए. सभी ने मिलकर शोर मचाकर और प्रयास कर हाथी को बस्ती से बाहर जंगल की ओर भगाया. हालांकि कुछ ही देर बाद हाथी फिर से कॉलोनी की ओर लौट आया और देर रात तक कॉलोनी के अलग-अलग हिस्सों में घूमता रहा.
इस दौरान राजंका चौक के पास हाथी ने उत्पात मचाते हुए एक टोटो को पलट दिया. इसके अलावा एक दुकान का शटर भी तोड़ दिया, जिससे दुकान को नुकसान पहुंचा है. हाथी के लगातार कॉलोनी में घूमते रहने से पूरी रात लोगों में दहशत का माहौल बना रहा.

