रांची: जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथी का आतंक सामने आया है. सोमवार की सुबह रातू थाना क्षेत्र के चित्रकोटा ग्राम में एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.

खेत में काम करने के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, चित्रकोटा निवासी सुबोध खलखो (35 वर्ष), और रौशन खलखो (33 वर्ष) सोमवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक जंगली हाथी निकल आया. इससे पहले कि दोनों वहां से भाग पाते, हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
हाथी ने सुबोध खलखो को पटक कर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, रौशन खलखो हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Also Read: रांची: हटिया के बाद रातू में आया जंगली हाथी, लोगों में दहशत
हटिया के बाद अब रातू में दहशत
ग्रामीणों के अनुसार, यह वही हाथी होने की आशंका जताई जा रही है जिसे दो दिन पहले रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया इलाके में देखा गया था. हटिया में दहशत फैलाने के बाद अब इस हाथी ने रातू क्षेत्र के चित्तरकोटा पतरा में दस्तक दी है. हाथी के गांव के इतने करीब पहुंचने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल है.
प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही रातू थाना पुलिस और वन विभाग की टीम को सूचित किया गया. टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है ताकि हाथी को रिहायशी इलाके से खदेड़ा जा सके. स्थानीय पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और पीड़ित परिवार की सहायता में जुटी है.

