Ranchi: राजधानी रांची में सोमवार को उस समय स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई, जब हजारों की संख्या में आक्रोशित छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने पहुंच गए. छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए रांची पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रही. शुरुआत से ही पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और तय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों के उग्र रुख के बाद पुलिस को सुरक्षात्मक कदम उठाने पड़े.
पुलिस ने बरता संयम, प्रोटोकॉल के तहत की कार्रवाई
आंदोलन की शुरुआत से ही रांची पुलिस संयमित नजर आई. पुलिस अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य भीड़ को समझा-बुझाकर शांत करना और तय सीमा के भीतर रोकना था. हालांकि, जैसे ही प्रदर्शनकारी छात्र आगे बढ़ने लगे, माहौल बिगड़ने लगा. इसके बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था के तहत चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई शुरू की.
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र, पुलिस ने किया बल प्रयोग
विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन ने कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा तैयार किया था. लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र उग्र हो गए और उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ना शुरू कर दिया. स्थिति तब और बिगड़ गई, जब प्रदर्शनकारी पुलिस की बैरिकेडिंग को हटाकर आगे बढ़ने लगे. स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. पानी की बौछार के बाद भी जब प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. इसके बाद बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
हवाई फायरिंग को लेकर पुलिस का अंतिम विकल्प
लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद भी प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं और लगातार विधानसभा घेराव की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर होने की स्थिति में प्रोटोकॉल के तहत हवाई फायरिंग जैसे कदम पर विचार किया जा सकता है. फिलहाल रांची पुलिस के जवान और आला अधिकारी मौके पर मुस्तैद हैं. पुलिस बल छात्रों को विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने से रोकने और राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहा है.
ALSO READ: EPFO Alert: फर्जी लिंक के जाल में फंसे तो UAN से बैंक डिटेल तक हो सकती है लीक, ऐसे बचें
