Chaibasa : BJP पश्चिमी सिंहभूम की जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आदिवासी महिला नेत्री गीता बालमुचू को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OMDC) का स्वतंत्र निदेशक (इंडिपेंडेंट डायरेक्टर) नियुक्त किए जाने पर BJP ने खुशी व्यक्त की है. पार्टी ने इस नियुक्ति को आदिवासी समाज के सम्मान और गौरव का प्रतीक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है. जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह नियुक्ति केवल गीता बालमुचू का सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम और पूरे आदिवासी समाज के सम्मान का विषय है.
BJP का कहना है
BJP का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आदिवासी समाज को देश के महत्वपूर्ण नीति-निर्माण और निर्णय लेने वाले मंचों पर सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दे रही है. पार्टी के अनुसार, गीता बालमुचू लंबे समय से BJP संगठन से जुड़ी रही हैं. वे चाईबासा नगर परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं और वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में चाईबासा विधानसभा सीट से BJP की प्रत्याशी भी थीं. संगठन में विभिन्न दायित्वों का उन्होंने निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया है. BJP ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जैसे राजनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण जिले में उन्हें जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपना उनके नेतृत्व और संगठन क्षमता पर पार्टी के विश्वास का प्रमाण था.
झारखंड और आदिवासी समाज का बढ़ाएं गौरव
अब OMDC के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति उनकी कार्यकुशलता और सार्वजनिक जीवन में योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है. पार्टी का कहना है कि OMDC के बोर्ड में रहते हुए गीता बालमुचू खनन क्षेत्र से जुड़े नीतिगत निर्णयों, पारदर्शिता, जनहित, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. साथ ही खनिज संपदा से समृद्ध आदिवासी क्षेत्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रतिनिधित्व मिलेगा. BJP ने विश्वास जताया कि गीता बालमुचू अपने अनुभव, ईमानदारी और समर्पण से इस नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी तथा झारखंड और आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाएंगी.
Also Read : पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, जांच में जुटी पुलिस
