Newswave Desk: फीफा विश्व कप 2026 के सांसे रोक देने वाले सेमीफाइनल में इंग्लैंड पर रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद, अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने मैदान के बाहर चल रही बयानबाजियों पर तीखा पलटवार किया है. रेफरी के फैसलों और फीफा के कथित पक्षपात के आरोपों से घिरी टीम को लगातार दूसरी बार विश्व कप के फाइनल में पहुंचाकर, मेसी ने आलोचकों को शांत कर दिया है. मेसी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अर्जेंटीना की यह सफलता कोई तुक्का नहीं, बल्कि उनकी बादशाहत का पक्का सबूत है.
खैरात में नहीं मिली सफलता, हमने कमाया है रुतबा
मैच के बाद मीडिया से खुलकर बात करते हुए मेसी का गुस्सा साफ नजर आया. उन्होंने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसको दर्द होना है हो, और जिसे जो कहना है कहे. हमने एक बार फिर मैदान पर यह साबित कर दिया है कि हमें कुछ भी खैरात में नहीं मिला है. लगातार दो बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचना कोई मामूली बात नहीं है, इस ग्रुप ने यह करके दिखाया है. गौरतलब है कि टूर्नामेंट के दौरान अर्जेंटीना की जीतों को सोशल मीडिया और कुछ पूर्व खिलाड़ियों द्वारा भाग्य और रेफरी के फैसलों से जोड़कर देखा जा रहा था, जिसका मेसी ने कड़ा जवाब दिया है.
हारते तो लोग बकवास करते, हमने मौका ही नहीं दिया
इंग्लैंड के खिलाफ 84वें मिनट तक 0-1 से पिछड़ने के बाद, आखिरी पलों में मेसी के दो जादुई असिस्ट्स की बदौलत अर्जेंटीना ने 2-1 से पासा पलट दिया. इस ऐतिहासिक जीत पर बात करते हुए कहा कि अगर हम आज हार जाते, तो लोग हमारे खिलाफ न जाने कैसी-कैसी मनगढ़ंत और बकवास बातें बनाते. लेकिन हमने उन्हें ऐसा कोई मौका ही नहीं दिया। हम जानते थे कि फुटबॉल के मामले में हम इंग्लैंड से कहीं बेहतर टीम हैं और हमने वही खेल दिखाया.
मैराडोना को समर्पित की यह ऐतिहासिक जीत
मेसी ने इस जीत को भावुक होते हुए अर्जेंटीना के महान दिवंगत फुटबॉलर डिएगो मैराडोना को समर्पित किया. ठीक 40 साल पहले मैराडोना ने इंग्लैंड के खिलाफ वह ऐतिहासिक मैच खेला था. मेसी ने कहा कि डिएगो ऊपर से इस जीत का जश्न मना रहे होंगे, यह उनके लिए एक खास तोहफा है. अब रविवार को होने वाले महामुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा.
ALSO READ: FIFA World Cup 2026: जिस बच्चे को मेसी ने गोद में उठाया था, अब वही फाइनल में देगा चुनौती
