झारखंड को प्रश्नपत्र लीक मुक्त प्रदेश बनाना है, गांव-गांव जाएंगे देवेंद्र नाथ महतो

Chatra: छात्र नेता और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र नाथ महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को चतरा पहुंची....

paper-leak
Jharkhand must be made a state free from question paper leaks; Devendra Nath Mahto will visit every village.

Chatra: छात्र नेता और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र नाथ महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को चतरा पहुंची. यात्रा की शुरुआत बलबल से हुई. इसके बाद गिद्धौर में छात्रों को संबोधित करते हुए महतो चतरा शहर पहुंचे. हेरु नदी से छात्रों और कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा करते हुए वे विकास भवन मोड़ स्थित शिबू सोरेन चौक पहुंचे, जहां शिबू सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया. इसके बाद चतरा कॉलेज मैदान में छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.

भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर

मीडिया से बातचीत में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा झारखंड के सभी जिलों तक पहुंचेगी. इसका उद्देश्य गांव-गांव जाकर युवाओं को परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ी, प्रश्नपत्र लीक और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रश्नपत्र लीक और परीक्षाओं में कथित धांधली गंभीर समस्या बन चुकी है. उनका लक्ष्य ऐसा झारखंड बनाना है, जहां प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी हों और राज्य की पहचान प्रश्नपत्र लीक मुक्त प्रदेश के रूप में बने.

CBI जांच की मांग

महतो ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विवादित भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने से बच रही है. उन्होंने कहा कि रांची में हुए छात्र आंदोलन के दौरान सभी विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग की गई थी. उन्होंने कहा कि कथित गड़बड़ियों में मंत्रियों और वरीय अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

देवेंद्र नाथ महतो ने चेतावनी दी कि छात्रों की मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर चक्का जाम और आर्थिक नाकेबंदी जैसे कदम उठाए जा सकते हैं. वहीं छात्र नेता राजेश कुमार ने कहा कि सीजीएल, जेएसएससी और जेपीएससी की विवादित परीक्षाओं को लेकर छात्र पीछे हटने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि गंभीर गड़बड़ियों वाली परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा परीक्षा कराई जानी चाहिए. मीडिया से बातचीत के बाद भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा इटखोरी के रास्ते हजारीबाग के लिए रवाना हो गई.

ALSO READ: मिलाद-उन-नबी पर आज हजारीबाग में बदला नो-एंट्री का समय, सुबह 8 से रात 12 बजे तक रहेगा प्रतिबंध

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *