Jamtara: विधानसभा क्षेत्र के बिंदापाथर अंतर्गत शिमलबाड़ी गांव तक पहुंचने वाली सड़क इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है. बारिश के बाद सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।.स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है, कि बाइक और चारपहिया वाहन से गांव तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है. जगह-जगह कीचड़ और फिसलन के कारण वाहन चालकों के गिरने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम, बाजार, स्कूल और जरूरी सेवाओं के लिए इसी रास्ते से आवागमन करना पड़ता है.

बरसात के दिनों में समस्या हो जाती है और गंभीर
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण गांव के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले रिश्तेदारों को भी काफी परेशानी होती है. बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है. ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष से मामले को गंभीरता से लेते हुए शिमलबाड़ी गांव तक जल्द से जल्द पीसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से गांव के लोगों को वर्षभर सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से भी तत्काल स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.

