Simdega: जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में बुधवार को अकीदत, मुहब्बत और उत्साह के साथ ईद मिलादुन्नबी का त्योहार मनाया गया. इस अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में युवा, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए. सिमडेगा शहर में आजाद बस्ती, खैरनटोली और भट्ठीटोली से जुलूस निकला. सभी जुलूस भट्ठीटोली में एकत्रित हुए और वहां से महावीर चौक तक पहुंचे. इसके बाद जुलूस खैरनटोली होते हुए आजाद बस्ती पहुंचकर संपन्न हुआ. जुलूस में अकीदतमंद “रसूल की आमद मरहबा, सरकार की आमद मरहबा” सहित विभिन्न नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे.

उलेमाओं ने दिया शांति और भाईचारे का संदेश
इस दौरान उलेमा-ए-कराम ने ईद मिलादुन्नबी के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि इस्लाम पूरी दुनिया को शांति, भाईचारे और अमन का संदेश देता है. हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने सामाजिक बुराइयों को दूर करने, महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने तथा समाज में भाईचारा कायम करने का संदेश दिया.
उलेमाओं ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के बताए रास्ते पर चलकर समाज में शांति और सौहार्द कायम किया जा सकता है. उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत के साथ रहने की अपील की. जुलूस को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रही. पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया.

