चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में एवं एस आर रूंगटा ग्रुप के सौजन्य से आयोजित 15वीं पदमाबाई रूंगटा मेमोरियल जिला शतरंज प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार को किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा, संरक्षक एवं नगर पालिका अध्यक्ष नितिन प्रकाश, संरक्षक दीपेंद्र प्रसाद साव, सोहनलाल मुंद्रा, पवन खिरवाल, डॉ. वीणा मूंदड़ा तथा संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
खिलाड़ियों और अभिभावकों की सराहना
संघ के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने स्वागत भाषण में अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों की सराहना की. उन्होंने बताया कि संघ द्वारा साप्ताहिक शतरंज प्रशिक्षण का आयोजन किया जाता है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं. जिले के कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं.
155 खिलाड़ी, 8 चक्र में होगा मुकाबला
संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने जानकारी दी, कि इस प्रतियोगिता में जिले के कुल 155 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता आठ चक्रों में खेली जाएगी और इसका समापन रविवार को शाम 4:00 बजे होगा. उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में 30 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं.
शतरंज के प्रति बढ़ रहा रुझान
संघ के संरक्षक नितिन प्रकाश ने संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, कि जिले में लगातार शतरंज प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों का रुझान इस खेल के प्रति बढ़ा है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करेंगे.
तीन चक्र के बाद ये खिलाड़ी आगे
प्रतियोगिता के पहले दिन तीन चक्र के खेल संपन्न हुए. तीन चक्र के बाद मनीष शर्मा, मणिदीप मुखी, उमेश साव, कुश मूंदड़ा सहित कुल 34 खिलाड़ी तीन-तीन अंक के साथ बढ़त बनाए हुए हैं.
तीसरे चक्र के मुकाबलों में बोर्ड नंबर एक पर नरेंद्र नाथ पांडे ने शीर्ष वरीयता प्राप्त शत्रुघ्न सिंह को बराबरी पर रोका. दूसरे बोर्ड पर राजेश कुमार ने एकांश शाह को हराया. तीसरे बोर्ड पर मणिदीप मुखी ने सौम्या प्रभा सोय को पराजित किया. चौथे बोर्ड पर मनीष शर्मा ने एम डी जीशान को हराया, जबकि कमल किशोर देवनाथ ने समृद्धि प्रिया को मात दी.
खेले जाएंगे अगले तीन चक्र
शनिवार को प्रतियोगिता के अगले तीन चक्र खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों की स्थिति और स्पष्ट होगी.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस मौके पर पश्चिम सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष निरंजन गोयल, जहांगीर आलम, राकेश बुढ़िया, जयदेव चंद्र त्रिपाठी, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, अनंत लाल विश्वकर्मा, पुरुषोत्तम सराफ, सूरज टीयू, मुख्य निर्णायक जयंत कुमार भुइयां, विक्रम कुमार, जुएल गगराई, हर्ष शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: मेगा ट्रेड फेयर में उमड़ा जनसैलाब, खरीदारी और उत्साह ने तोड़े रिकॉर्ड
