Pakur: पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड के ऐठापाड़ा गांव स्थित एक घर से वन विभाग की टीम ने 6.5 फीट लंबा कोबरा सांप का सफल रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया. मिली जानकारी के अनुसार ऐठापाड़ा गांव के एक घर में कोबरा घुस गया था. जब घर के लोगों ने देखा तो सभी घबरा गए और इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिस पर वनकर्मी अशराफुल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा का रेस्क्यू किया.
स्पेक्टेकल्ड कोबरा था, हाल ही में छोड़ी थी केंचुली
वनकर्मी असराफुल शेख ने बताया कि दीपक कुमार के घर के आंगन में 6.5 फीट लंबा स्पेक्टेकल्ड कोबरा छिपा हुआ था. उन्होंने बताया कि सांप ने 5 से 6 दिन पहले ही केंचुली छोड़ी थी और संभवतः दर्द से बचने व सुरक्षित रहने के लिए घर में छिपा हुआ था. परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी.
ALSO READ: हजारीबाग: शादी से लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, कार और हाईवा की भिड़ंत में दो की मौत
वनकर्मी ने बताया कि यह स्पेक्टेकल्ड कोबरा काफी जहरीला होता है. रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित घने जंगल में छोड़ दिया गया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वन्य जीवों को न मारें, उनसे छेड़छाड़ न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें. साथ ही सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या ओझा-गुनी के चक्कर में न पड़कर सीधे अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी. उन्होंने यह भी कहा कि अधिकांश लोग सांप को देखकर उसे मारने का प्रयास करते हैं, लेकिन यहां के ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए वन विभाग को सूचना दी.
