Ranchi: एनआइए के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में मानव तस्कर पन्ना लाल महतो के खिलाफ 65 व 66 वें गवाहों ने गवाही दी. मामले की अगली सुनवाई 14 अगस्त को होगी. पन्ना लाल ने 5000 से अधिक लड़कियों की ट्रैफिकिंग की है. वर्ष 2020 में एनआइए ने गिरफ्तार किया था, तब से वह होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद है. पन्ना लाल महतो खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के गनालोया गांव का निवासी है. उसपर 15 साल में झारखंड की 5000 लड़कियों का सौदा कर 80 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का भी आरोप है. उसके खिलाफ झारखंड पुलिस के अलावा एनआइए भी केस दर्ज कर जांच कर रही है.
कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी किए गए जब्त
झारखंड में मानव तस्करी के किंग पिन करोड़पति पन्ना लाल महतो के खिलाफ मनी लांड्रिंग एक्ट में केस दर्ज कर अनुसंधान कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने मानव तस्कर पन्ना लाल महतो की तीन करोड़, 36 लाख 65 हजार 968 रुपये 86 पैसे की चल-अचल संपत्ति को जब्त किया है. उक्त संपत्ति पन्ना व उसके रिश्तेदारों के नाम पर है. उनकी गिरफ्तारी के दौरान, पुलिस ने उनकी संपत्ति के विवरण के साथ-साथ कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए थे.महतो को 2006 और 2015 में दो बार गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आ गया.
पन्ना लाल महतो को एनआइए ने किया था गिरफ्तार
पन्ना लाल महतो को एनआइए ने वर्ष 2020 में गिरफ्तार किया था. एनआइए ने उसे खूंटी के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) थाने में 19 जुलाई 2019 को दर्ज एक केस में की थी. उस वक्त से ही वह जेल में है. इस केस को टेकओवर करते हुए एनआइए ने चार मार्च 2020 को प्राथमिकी दर्ज की थी. अनुसंधान के दौरान एनआइए को यह जानकारी मिली कि आरोपी पन्ना लाल महतो व उसकी पत्नी सुनीता देवी दिल्ली में तीन प्लेसमेंट एजेंसी से बड़े पैमाने पर मानव तस्करी कर रही हैं.
निर्दोष बच्चे-बच्चियों को नौकरी दिलाने के नाम पर होती थी तस्करी
आरोपी झारखंड से गरीब व निर्दोष बच्चे-बच्चियों को नौकरी दिलाने के नाम पर तस्करी करते हैं और दिल्ली तथा आसपास के राज्यों में उनका सौंदा कर देते हैं. वहां उनका शोषण होता है. पन्ना लाल महतो झारखंड, ओडिशा के सुदूरवर्ती इलाकों की लड़कियों का स्वयं व दलालों के माध्यम से मुंबई, पंजाब, हरियाणा, फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, कानपुर, पटना, बंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद, गोवा व देश के बाहर भी घरेलू काम, बंधुआ मजदूरी, कारखाना में मजदूरी व देह व्यापार के लिए बेच देता था.

पन्ना लाल महतो पर दस थानों में दर्ज हैं मामले
पन्ना लाल महतो पर दस थानों में मामले दर्ज हैं. खूंटी जिले के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाने में छह अलग-अलग कांड दर्ज हैं. वहीं, जगन्नाथपुर थाना रांची, सुल्तानीपुर थाना दिल्ली में एक-एक और मुरहू थाने में भी दो प्राथमिकियां दर्ज हैं.
