चाईबासा: गाली-गलौज और पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा: टोंटो थाना क्षेत्र के चालगी (रूंगकुचा) गांव में बीते दिनों हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर...

चाईबासा: टोंटो थाना क्षेत्र के चालगी (रूंगकुचा) गांव में बीते दिनों हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्ष्मण हेस्सा को गिरफ्तार कर लिया है, जो वारदात के बाद से फरार चल रहा था.

यह घटना 2 मार्च की है. उस दिन ग्राम मुंडा ने सूचना दी कि रामसिंह हेरसा के खेत में स्थित कुएं के पास भारी मात्रा में खून पड़ा हुआ है और झाड़ियों में कपड़े फेंके गए हैं. आशंका जताई गई कि किसी की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया.

पुलिस ने जब कुएं से शव बरामद किया, तो उसकी पहचान श्रीधर बारी के रूप में हुई

हत्या के बाद आरोपी लक्ष्मण हेस्सा गिरफ्तारी से बचने के लिए तमिलनाडु भागने की फिराक में था. हालांकि 19 मार्च को वह अपना आधार कार्ड लेने के लिए चुपके से अपने घर पहुंचा. तकनीकी शाखा और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

जांच के दौरान यह सामने आया कि मृतक श्रीधर बारी माघे पर्व मनाने अपने चाचा के घर चालगी आया था. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि खाने-पीने के बाद श्रीधर बारी नशे की हालत में उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा.

मृतक का आरोपी की बहन लक्ष्मी हेस्सा से पहले से परिचय था, जिसे लेकर आरोपी लक्ष्मण और उसका जीजा गणेश पूर्ति नाराज थे. विवाद बढ़ने पर दोनों ने गुस्से में आकर जलावन की लकड़ी से श्रीधर के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव की कमर में पत्थर बांधकर उसे पास के कुएं में फेंक दिया गया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *