Delhi: पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर, फ्रांस, जॉर्डन, ओमान और मलेशिया के नेताओं से फोन पर बात की. पीएम मोदी ने ईरान युद्ध में ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाने की भी निंदा की. पश्चिम एशिया युद्ध में अब ऊर्जा ठिकानों पर हमले हो रहे हैं, जिससे पूरी दुनिया में तेल और गैस की कीमतों में इजाफा होने का डर पैदा हो गया है.
हार्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर चर्चा
पीएम मोदी ने पांचों देशों के नेताओं से अलग-अलग बातचीत की. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति की पहल की अपील की. साथ ही वैश्विक ऊर्जा संकट को दूर करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई.

कतर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी से पीएम मोदी की बातचीत
कतर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी के साथ हुई बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत, कतर के साथ है और क्षेत्र में ऊर्जा के बुनियादी ढांचों पर हमलों की कड़ी निंदा करता है. पीएम मोदी ने कतर के अमीर को कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय की देखभाल और समर्थन के लिए आभार जताया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता की कामना की। पीएम मोदी ने कतर के शासक को ईद की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं.
जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय को पीएम मोदी ने भाई कहकर किया संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय को मेरे भाई कहकर संबोधित किया और उन्हें भी ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दीं. जॉर्डन के राजा के साथ भी पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की और ऊर्जा ठिकानों पर हमलों की निंदा की. इसी तरह पीएम मोदी ने फ्रांस, ओमान और मलयेशिया के राष्ट्र प्रमुखों से बात की.
पश्चिम एशिया संकट का असर पूरी दुनिया पर
पश्चिम एशिया संकट का पूरी दुनिया पर व्यापक असर हो रहा है. खासकर इस्राइल के ईरान के दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र पर हमले से हालात और बिगड़ गए हैं. इस्राइल के हमले के बाद ईरान ने कुवैत और कतर के गैस और ऊर्जा ठिकानों पर हमले किए. इन हमलों से पूरी दुनिया सहम गई. इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ऊर्जा ठिकानों को निशाना न बनाने की बात कही और ये भी कहा कि उन्हें ईरान के गैस क्षेत्र पर हमले की जानकारी नहीं थी. कतर के गैस क्षेत्र पर हमले से पूरी दुनिया में गैस की कीमतें बढ़ सकती हैं.
