कोचिंग माफिया और BJP मिलकर छात्रों को भड़का रहे हैं : JMM

Hazaribagh: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेताओं ने छात्र आंदोलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप...

प्रेस वार्ता में मौजूद JMM नेता
प्रेस वार्ता में मौजूद JMM नेता

Hazaribagh: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेताओं ने छात्र आंदोलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है. शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में JMM नेताओं ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों का सम्मान करते हुए राज्य सरकार लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, जबकि BJP छात्र आंदोलन की आड़ में अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रही है.

JMM के जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि BJP छात्र हितों की बात केवल राजनीतिक अवसर देखकर करती है. उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा आंदोलनरत छात्रों पर बल प्रयोग किया गया और कई गंभीर घटनाएं सामने आईं, तब BJP के वरिष्ठ नेताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. उन्होंने आरोप लगाया कि आज वही BJP झारखंड में छात्रों को गुमराह कर आंदोलन को राजनीतिक दिशा देने का प्रयास कर रही है. अपने कार्यकर्ता और कोचिंग माफिया को आगे कर छात्रों को बहला फुसला कर सड़क पर उतार रही है. उन्होंने कहा कि JMM शुरू से छात्रों के साथ खड़ी रही है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी.

छात्रों की मांगों पर सरकार ने की सकारात्मक पहल

जिला श्रमिक संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार ने हमेशा युवाओं और छात्रों के हितों की रक्षा की है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल की गई है, लेकिन BJP इस पूरे मामले को समाधान की दिशा में ले जाने के बजाय विवाद और भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक बहकावे में न आएं और राज्य सरकार की मंशा पर विश्वास बनाए रखें.

JMM के जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने BJP और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि BJP JMM कार्यकर्ताओं को संस्कार सिखाने की बात करती है, तो उसे पहले अपने कार्यकर्ताओं के व्यवहार का मूल्यांकन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में BJP द्वारा आयोजित बंद के दौरान पत्रकारों और आम लोगों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार देखने को मिला, वह BJP की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि JMM लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द में विश्वास करती है तथा जनता के बीच संवाद और सम्मान की राजनीति करती है.

JPSC मामले में न्यायिक प्रक्रिया का इंतजार करने की अपील

JMM युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र मेहता ने कहा कि 11वीं से 13वीं JPSC परीक्षा को लेकर छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया था और परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय भी लिया गया था. हालांकि बाद में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उस निर्णय पर रोक लगा दी गई. उन्होंने कहा कि अब पूरा मामला न्यायिक प्रक्रिया और जांच के दायरे में है, इसलिए छात्रों को धैर्य और संयम बनाए रखना चाहिए. उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने और न्यायालय का अंतिम निर्णय आने के बाद छात्रों को न्याय अवश्य मिलेगा.

छात्र नेता चंदन सिंह ने कहा कि छात्रों की लड़ाई रोजगार, पारदर्शिता और न्याय की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को BJP ने राजनीतिक मंच में बदलने का प्रयास नहीं होना चाहिए. छात्रों की वास्तविक चिंताओं और भविष्य को केंद्र में रखकर ही समाधान निकाला जा सकता है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जांच एजेंसियों को निष्पक्ष रूप से अपना कार्य करने का अवसर दिया जाना चाहिए ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके और योग्य छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित हो.

प्रेस वार्ता के दौरान JMM नेताओं ने एक स्वर में कहा कि छात्र हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी. नेताओं ने छात्रों से शांति, संयम और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील करते हुए कहा कि झारखंड सरकार उनकी भावनाओं और अपेक्षाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है. उक्त मौके पर JMM नेता राजेश मेहता, कमाल कुरैशी, साजन मेहता, निशी मेहता, सुनील कुमार, इमरान खान, अभिषेक कुमार, अभिषेक मेहता, राजा कुमार, विपुल मेहता समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे.

ALSO READ: जामताड़ा: राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन, NSS स्वयंसेवकों ने किया 11 यूनिट रक्तदान

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *